नर्मदापुरम - मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह अपने एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसानों, अवैध खनन और खराब सड़कों जैसे मुद्दों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने साफ कर दिया कि प्रदेश सरकार जनता और किसानों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
बलराम कृषि महोत्सव और बीजेपी की कोर कमेटी बैठक में शामिल होने पहुंचे राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की समस्याओं का समाधान करना है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध रेत खनन पर मंत्री सख्त, अधिकारियों को कार्रवाई के आदेश
नर्मदापुरम क्षेत्र में तवा और नर्मदा नदी के आसपास अवैध रेत उत्खनन की शिकायतों को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि नदियों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।
तवा पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर भी जताई चिंता
दौरे के दौरान तवा पुल पर प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों के संचालन और पुल की खराब स्थिति का मुद्दा भी सामने आया। मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को पुल की स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी और पुल को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को रोका जाएगा।
मूंग खरीदी को लेकर किसानों को दिया बड़ा आश्वासन
किसानों की मूंग खरीदी को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने बड़ा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि किसान चिंता न करें, सरकार हर पात्र किसान से मूंग की खरीदी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारण से खरीदी की निर्धारित समय सीमा समाप्त होती है तो सरकार आवश्यकता के अनुसार नई तारीख तय करेगी। किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार लगातार किसान हित में फैसले ले रही है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
खराब सड़कों को लेकर ठेकेदारों को चेतावनी
नर्मदापुरम दौरे के दौरान हरदा-टिमरनी मार्ग की खराब हालत को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को सड़क की तत्काल मरम्मत कराने को कहा। राकेश सिंह ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई होगी। मंत्री के सख्त तेवरों के बाद प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया है और संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।