भोपाल: मध्य प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे हजारों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त (DME) ने NEET UG 2026 के माध्यम से सरकारी और निजी मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहले चरण की काउंसलिंग का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही राज्य में मेडिकल एडमिशन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होने जा रही है। विभाग के अनुसार, पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को तय समय-सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन, दस्तावेज सत्यापन, चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट और कॉलेज रिपोर्टिंग जैसी सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
5 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
पहले चरण की काउंसलिंग में भाग लेने वाले उम्मीदवार 5 अगस्त से 13 अगस्त 2026 (रात 11:59 बजे तक) ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। विभाग ने उम्मीदवारों को अंतिम समय का इंतजार न करने की सलाह दी है।
11 अगस्त को जारी होगी सीट मैट्रिक्स
काउंसलिंग के तहत 11 अगस्त को सरकारी और निजी मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों की सीट मैट्रिक्स जारी की जाएगी। यदि किसी सीट या श्रेणी को लेकर आपत्ति होगी तो छात्र 12 अगस्त शाम 5 बजे तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 13 अगस्त को अंतिम सीट मैट्रिक्स प्रकाशित की जाएगी।
14 अगस्त को आएगी स्टेट मेरिट लिस्ट
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अगस्त को राज्य की मेरिट सूची जारी होगी। मेरिट के आधार पर मध्य प्रदेश के पात्र अभ्यर्थियों को 15 अगस्त से 18 अगस्त तक अपनी पसंद के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की चॉइस भरने और लॉक करने का अवसर मिलेगा।
20 अगस्त को होगा सीट अलॉटमेंट
पहले राउंड का सीट आवंटन परिणाम 20 अगस्त को घोषित किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें 21 अगस्त से 27 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट कर दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में रिपोर्टिंग नहीं करने पर सीट निरस्त हो सकती है।
अपग्रेडेशन विकल्प भरना होगा अनिवार्य
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि एडमिशन के समय प्रत्येक छात्र को अपग्रेडेशन (Yes/No) का विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। यदि यह विकल्प नहीं चुना गया तो एडमिशन स्लिप जारी नहीं होगी। हालांकि, छात्र 27 अगस्त रात 11:55 बजे तक अपने लॉगिन के माध्यम से इस विकल्प में बदलाव कर सकेंगे।
छात्रों को क्या सलाह दी गई?
विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से DME पोर्टल पर अपडेट देखते रहने की अपील की है। किसी भी चरण की समय-सीमा चूकने पर उम्मीदवार प्रवेश प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं।