भोपाल। मध्य प्रदेश में NEET UG 2026 MBBS एडमिशन को लेकर काउंसलिंग प्रक्रिया तेज हो गई है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने फर्स्ट फेज की काउंसलिंग के लिए MBBS की कुल 6020 सीटों का सीट आवंटन कर दिया है। इनमें सरकारी और स्वायत्त मेडिकल कॉलेजों की 3020 सीटें, जबकि निजी मेडिकल कॉलेजों की 3000 सीटें शामिल हैं।
सीटों की संख्या स्पष्ट होने के बाद अब मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेडिकल की पढ़ाई में प्रवेश का इंतजार कर रहे NEET UG अभ्यर्थियों के लिए यह अहम अपडेट है।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 3020 सीटें
मध्य प्रदेश के 20 सरकारी एवं स्वायत्त मेडिकल कॉलेजों में कुल 3020 MBBS सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें राज्य के प्रमुख मेडिकल कॉलेज भी शामिल हैं।
इन बड़े कॉलेजों में 250-250 सीटें
गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल, गजराराजा मेडिकल कॉलेज ग्वालियर, एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर और नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर में 250-250 MBBS सीटें आवंटित की गई हैं।
इसके अलावा:
- श्याम शाह मेडिकल कॉलेज, रीवा: 200 सीटें
- मेडिकल कॉलेज, रतलाम: 200 सीटें
- मेडिकल कॉलेज, विदिशा: 180 सीटें
- बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर: 150 सीटें
- मेडिकल कॉलेज, छिंदवाड़ा: 150 सीटें
- मेडिकल कॉलेज, सागर: 150 सीटें
- मेडिकल कॉलेज, दतिया: 120 सीटें
- मेडिकल कॉलेज, खंडवा: 120 सीटें
- इन मेडिकल कॉलेजों में 100-100 सीटें
मध्य प्रदेश के शहडोल, शिवपुरी, मंदसौर, सिवनी, नीमच, श्योपुर और सिंगरौली मेडिकल कॉलेजों में 100-100 MBBS सीटें आवंटित की गई हैं। वहीं इंदौर के ESIC मेडिकल कॉलेज में MBBS की 50 सीटें हैं।
राज्य कोटे में 2505 सीटों पर प्रवेश
सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 3020 सीटों में से अलग-अलग कोटे के तहत सीटों का विभाजन किया गया है। राज्य कोटे में कुल 2505 सीटों पर प्रवेश होगा।
इसके अलावा:
- ऑल इंडिया कोटा: 468 सीटें
- GOI एवं Insured Person कोटा: 47 सीटें
- PwD स्पेशल कैटेगरी: 131 सीटें
- सैनिक वर्ग: 79 सीटें
- स्वतंत्रता सेनानी: 79 सीटें
- जनरल स्कूल कैटेगरी: 131 सीटें
राज्य कोटे की सीटों का आवंटन अनारक्षित, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
निजी मेडिकल कॉलेजों के लिए 3000 सीटें
फर्स्ट फेज की काउंसलिंग में सरकारी कॉलेजों के साथ निजी मेडिकल कॉलेजों की 3000 MBBS सीटें भी शामिल की गई हैं। इस तरह मध्य प्रदेश में पहले चरण में कुल 6020 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
NEET UG 2026 में सफल उम्मीदवारों के लिए अब कॉलेज और कोटे के अनुसार सीटों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग से जुड़े आधिकारिक नोटिफिकेशन, मेरिट लिस्ट, चॉइस फिलिंग और सीट अलॉटमेंट की तारीखों पर नजर रखनी होगी।