मध्यप्रदेश में हवाई सफर को आसान बनाने की दिशा में रविवार, 9 अगस्त को बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजा भोज एयरपोर्ट से प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता रूट शामिल हैं। मुख्यमंत्री भोपाल से रीवा जाने वाली पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे। इन नई उड़ानों का संचालन अलायन्स एयर करेगी। राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इन रूट्स को वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर सरकार की ओर से 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग यानी VGF दी जाएगी।
भोपाल से रीवा और पटना का सफर होगा आसान
भोपाल-रीवा सीधी उड़ान शुरू होने से राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा। इससे रीवा और आसपास के जिलों के यात्रियों को भोपाल आने-जाने में समय की बचत होगी। वहीं भोपाल-पटना सेवा से मध्यप्रदेश सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ जाएगा। इससे यात्रियों, व्यापारियों और कारोबारियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रीवा-जबलपुर से कोलकाता की सीधी कनेक्टिविटी
रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान शुरू होने से विंध्य और महाकौशल क्षेत्र का पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा। यात्रियों को दूसरे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने की जरूरत कम होगी। इससे सफर का समय भी बचेगा और कारोबार, शिक्षा तथा पर्यटन के लिए यात्रा आसान होगी।
8 नए एयर रूट को मिल चुकी है मंजूरी
मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी रूट पर सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। अब चार नए रूट पर उड़ान शुरू होने से प्रदेश का हवाई नेटवर्क और मजबूत होगा।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा फायदा
सरकार का कहना है कि हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। छोटे और बड़े शहरों के बीच सीधी उड़ान उपलब्ध होने से लोगों का समय बचेगा और आवागमन आसान होगा। राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय मंत्री समेत कई अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार और अलायन्स एयर के चेयरमैन अमित कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
MP के हवाई नक्शे को मिलेगी नई उड़ान
चार नई सेवाओं के शुरू होने के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहर सीधे देश के दूसरे हिस्सों से जुड़ेंगे। खास तौर पर रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान विंध्य और महाकौशल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।