मध्यप्रदेश में युवाओं को रोजगार देने को लेकर सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर साल एक लाख युवाओं को नौकरी देने के संकल्प के साथ काम कर रही है।मुख्यमंत्री के मुताबिक अब तक 85 हजार से अधिक बेरोजगार युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
खाली होते पद लगातार भरे जाएंगे
CM डॉ.मोहन यादव ने कहा कि सरकारी विभागों में खाली हो रहे पदों को लगातार भरा जाएगा। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर है।सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ रिक्त पदों को भरकर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी है।
ढाई लाख अधिकारी-कर्मचारियों की होगी पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब ढाई लाख अधिकारी और कर्मचारियों की पदोन्नति होना बाकी है।इनमें से करीब एक लाख पदों पर प्रमोशन किया जा चुका है। बाकी पदों पर भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।मुख्यमंत्री के मुताबिक पद खाली होने के साथ-साथ उन्हें भरने की प्रक्रिया भी लगातार जारी रहेगी, जिससे युवाओं को रोजगार और कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर मिल सकें।
MP में मनाया जा रहा कृषक कल्याण और निवेश-रोजगार वर्ष
CM डॉ.मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष और निवेश रोजगार वर्ष मनाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य कृषि क्षेत्र के साथ-साथ निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश देश में सबसे तेजी से निवेश लाने वाले राज्यों में आगे बढ़ा है।
निवेशकों का भरोसा जीतने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने देश और विदेश के निवेशकों का भरोसा जीतने की दिशा में काम किया है। सरकार की कोशिश है कि निवेशकों को बेहतर माहौल और कारोबार के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ लागू की गई 25 से अधिक नीतियों के माध्यम से प्रदेश में व्यापार और व्यवसाय को सुगम बनाने का काम किया जा रहा है।
रोजगार और निवेश को साथ लेकर आगे बढ़ने का दावा
सरकार के मुताबिक मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ने से नए उद्योग और व्यवसाय स्थापित होंगे, जिससे रोजगार के अवसरों में भी इजाफा होगा। वहीं सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती और कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।