मध्यप्रदेश में मानसून के मौसम के साथ पर्यटन प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश की सबसे लोकप्रिय और इकलौती पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन जल्द ही एक बार फिर पटरियों पर दौड़ने के लिए तैयार है। लंबे समय से बंद इस ट्रेन का संचालन अब अगस्त के पहले सप्ताह (1 से 5 अगस्त के बीच) किसी भी दिन दोबारा शुरू किया जा सकता है।
हेरिटेज कॉरिडोर के निर्माण कार्य और ट्रैक के नियमित रखरखाव के कारण कुछ समय के लिए इस ट्रेन का संचालन स्थगित कर दिया गया था। अब सभी जरूरी काम पूरे हो चुके हैं और रेलवे जल्द ही इसकी शुरुआत करने की तैयारी में है।
पारंपरिक कोचों में सफर का आखिरी मौका!
इस बार यात्रियों के लिए यह सफर खास हो सकता है, क्योंकि संभावना है कि पारंपरिक कोचों में यात्रा का यह अंतिम अवसर हो। रेलवे भविष्य में इस रूट पर आधुनिक विस्टाडोम (Vistadome) कोच चलाने की योजना बना रहा है, जिनकी कांच की छत और बड़ी खिड़कियां प्राकृतिक नजारों का अलग ही अनुभव देंगी।
सुरंगों और घाटियों के बीच रोमांचक सफर
पातालपानी से कालाकुंड तक का रेल मार्ग अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है। यात्रा के दौरान ट्रेन 4 सुरंगों और 29 घुमावदार मोड़ों से गुजरती है, जहां यात्रियों को हरे-भरे जंगल, गहरी घाटियां और मनमोहक वादियों का शानदार नजारा देखने को मिलता है।
मानसून में दिखेगा प्रकृति का सबसे खूबसूरत रूप
बारिश के मौसम में इस रूट की सुंदरता कई गुना बढ़ जाती है। ट्रेन की खिड़कियों से पातालपानी जलप्रपात, हरियाली से ढके पहाड़ और बहते हुए नदी-नालों का अद्भुत दृश्य यात्रियों को रोमांचित कर देता है।
शुरुआती दौर में इस हेरिटेज ट्रेन का संचालन केवल शनिवार और रविवार को किया जाएगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रेलवे भविष्य में इसके फेरों में भी बढ़ोतरी कर सकता है। फिलहाल ट्रेन में कुल 5 कोच लगाए जाएंगे।
जानिए ट्रेन का किराया और समय
इस विशेष हेरिटेज ट्रेन में एक एसी चेयर कार और तीन नॉन-एसी चेयर कार कोच होंगे, जिनमें यात्रियों के लिए आरामदायक सीटों की व्यवस्था रहेगी।
किराया:
एक तरफ की यात्रा के लिए एसी चेयर कार का किराया ₹265 प्रति व्यक्ति और नॉन-एसी चेयर कार का किराया ₹20 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वापसी यात्रा के लिए अलग से टिकट लेना होगा।
समय सारणी:
ट्रेन सुबह 11:05 बजे पातालपानी स्टेशन से रवाना होकर दोपहर 1:05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 3:34 बजे कालाकुंड से चलकर शाम 4:30 बजे पातालपानी स्टेशन पहुंचेगी।