दिल्ली। मध्यप्रदेश पुलिस सेवा (MPPS) के 7 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिल गई है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी की। सभी अधिकारियों को सेलेक्ट लिस्ट-2025 के तहत मध्यप्रदेश कैडर आवंटित किया गया है।

7 अधिकारियों को मिला IPS कैडर
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार निमिषा पांडेय, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सव्यसाची सराफ और समर वर्मा को भारतीय पुलिस सेवा में शामिल किया गया है। इन सभी अधिकारियों की नियुक्ति पदोन्नति के आधार पर की गई है।
मध्यप्रदेश कैडर हुआ आवंटित
अधिसूचना के मुताबिक सभी अधिकारियों को मध्यप्रदेश कैडर आवंटित किया गया है। इनका चयन सेलेक्ट लिस्ट-2025 के तहत किया गया है, जिसके बाद अब ये भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
एक साल की रहेगी प्रोबेशन अवधि
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार सभी अधिकारी एक वर्ष की प्रोबेशन अवधि पर रहेंगे। इसके बाद भारतीय पुलिस सेवा (प्रोबेशन) नियमों के तहत उन्हें अनिवार्य इंडक्शन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी हुई अधिसूचना
यह नियुक्ति भारतीय पुलिस सेवा (भर्ती) नियम, 1954 और भारतीय पुलिस सेवा (पदोन्नति द्वारा नियुक्ति) विनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद की गई है। गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की।