मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के दौरान निर्देश दिए थे कि पुलिस विभाग के सभी रिक्त पदों को बिना देरी भरा जाए। उन्होंने हाल ही में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की 25 हजार पदोन्नतियों पर संतोष व्यक्त करते हुए भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। इसी के तहत गृह विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के 9,662 पदों पर भर्ती के लिए चार अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती?
गृह विभाग द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार पुलिस विभाग में कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर तक विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
MP Police Recruitment 2026: Post-wise Vacancy
| पद का नाम | पदों की संख्या |
|---|---|
| तृतीय श्रेणी गार्ड (GD) | 7,500 |
| तृतीय श्रेणी गार्ड (ड्राइवर) | 1,000 |
| तृतीय श्रेणी गार्ड (A) | 135 |
| सहायक उप निरीक्षक (ASI-A) | 520 |
| उप निरीक्षक (SI) जिला पुलिस | 393 (81 + 312) |
| उप निरीक्षक (विशेष शाखा/Visbal) | 69 |
| उप निरीक्षक (QD) | 4 |
| उप निरीक्षक (फिंगरप्रिंट) | 22 |
| उप निरीक्षक (आर्म्स) | 10 |
| उप निरीक्षक (फोटो) | 9 |
| कुल पद | 9,662 |
कुल 18 हजार पदों पर होगी भर्ती
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि सरकार का लक्ष्य केवल 9,662 पदों तक सीमित नहीं है। प्रदेश में कुल 18,000 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। वर्तमान स्वीकृत पदों के अलावा शेष पदों के लिए भी जल्द प्रशासनिक मंजूरी जारी की जाएगी।
सितंबर में जारी होंगे पदोन्नति आदेश
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति अभी शेष है, उनके आदेश सितंबर 2026 में चक्रीय क्रम के अनुसार जारी किए जाएं। सरकार का उद्देश्य भर्ती और पदोन्नति दोनों प्रक्रियाओं को समानांतर रूप से आगे बढ़ाना है।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद कांस्टेबल, ड्राइवर, एएसआई और एसआई समेत विभिन्न पदों पर आवेदन का मौका मिलेगा। भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन, पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन तिथियां संबंधित भर्ती एजेंसी द्वारा अलग से जारी की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले वर्ष 8,500 पदों को मंजूरी दी गई थी और इस वर्ष भी बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस को देश की सबसे सक्षम और आधुनिक पुलिस बल बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने के बाद पुलिस विकास कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भर्ती का संक्षिप्त विवरण
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| विभाग | गृह विभाग, मध्य प्रदेश |
| भर्ती | MP Police Recruitment 2026 |
| स्वीकृत पद | 9,662 |
| कुल प्रस्तावित भर्ती | 18,000 |
| भर्ती का प्रकार | सीधी भर्ती |
| पद | GD, Driver, ASI, SI सहित विभिन्न पद |