मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और प्राचार्यों के हजारों पद लंबे समय से खाली हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 3,38,787 स्वीकृत पद हैं। इनमें से 2,47,225 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि उच्च पद के प्रभार सहित कार्यरत कर्मचारियों की संख्या 2,65,886 बताई गई है।विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कुल 72,901 पद रिक्त हैं। इनमें से 59,073 पद पदोन्नति के जरिए और 13,828 पद सीधी भर्ती से भरे जाने प्रस्तावित हैं।
59 हजार से ज्यादा पद प्रमोशन से भरने की तैयारी
रिक्त पदों में सबसे बड़ा हिस्सा पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों का है। विभाग की योजना के तहत 59,073 रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया प्रस्तावित है।इससे लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसी बीच प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए TET आयोजित की जा रही है। करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस परीक्षा के दायरे में बताए जा रहे हैं।TET में सफल और पात्र शिक्षकों को आगामी पदोन्नति प्रक्रिया में अवसर मिलने की संभावना को लेकर भी चर्चा है।
13,828 पदों पर सीधी भर्ती
विभाग के आंकड़ों में 13,828 पद सीधी भर्ती से भरे जाने हैं। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के अनुसार जल्द ही 10 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।विभाग ने तीनों वर्गों में रिक्त करीब 18 हजार पदों को जुलाई 2027 तक भरने की तैयारी की है। इनमें 8 हजार बैकलॉग और 10 हजार सीधी भर्ती के पद शामिल हैं।
जुलाई 2027 तक भर्ती पूरी करने का लक्ष्य
स्कूल शिक्षा विभाग की तैयारी जुलाई 2027 तक चिन्हित रिक्तियों को भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरने की है। आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2018 से अब तक प्रदेश में करीब 40 हजार शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है।दूसरी ओर वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थी पिछले करीब 20 दिनों से भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षक के 43,613 पद रिक्त
शिक्षकों के अलग-अलग संवर्गों में सबसे ज्यादा रिक्तियां माध्यमिक शिक्षक के पदों पर हैं।
माध्यमिक शिक्षकों के 1,18,214 स्वीकृत पदों में 74,601 पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं। इस संवर्ग में कुल 43,613 पद रिक्त हैं।
40,180 पद पदोन्नति से
3,433 पद सीधी भर्ती से
भरे जाने प्रस्तावित हैं।
उच्च माध्यमिक शिक्षक के 19,319 पद खाली
व्याख्याता/उच्च माध्यमिक शिक्षक संवर्ग में कुल 55,056 स्वीकृत पद हैं। इनमें 35,737 पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 19,319 पद रिक्त हैं।
इन रिक्त पदों में:
14,784 पद पदोन्नति से
4,535 पद सीधी भर्ती से
भरे जाने हैं।
अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों में शिक्षकों की कमी का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों पर भी पड़ने की बात सामने आई है।
प्राथमिक शिक्षकों के पदों पर कम रिक्तियां
प्राथमिक स्तर पर रिक्त पदों की संख्या अन्य संवर्गों की तुलना में कम है। प्राथमिक शिक्षकों के 1,53,426 स्वीकृत पदों में 1,49,366 पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं। इस स्तर पर 4,060 पद खाली हैं।इसके अलावा माध्यमिक शिक्षक संगीत एवं खेल के 2,646 पदों में 1,111 पद तथा प्राथमिक शिक्षक संगीत, नृत्य एवं खेल के 2,280 पदों में 1,024 पद रिक्त हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग का कुल आंकड़ा
श्रेणी आंकड़ा
कुल स्वीकृत पद 3,38,787
कुल कार्यरत 2,47,225
उच्च पद के प्रभार सहित कार्यरत 2,65,886
कुल रिक्त पद 72,901
पदोन्नति से भरे जाने वाले पद 59,073
सीधी भर्ती से भरे जाने वाले पद 13,828