भोपाल: मध्य प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। एमपी टीईटी 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है। योग्य उम्मीदवार 4 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 9 सितंबर 2026 तक उसमें सुधार किया जा सकेगा।
12 अक्टूबर को होगी परीक्षा
मध्य प्रदेश टीईटी 2026 की परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। परीक्षा में कुल 150 अंकों के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित और पर्यावरण अध्ययन से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी। खास बात यह है कि गलत उत्तर के लिए नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
वर्ग के अनुसार तय हुआ क्वालिफाइंग मार्क्स
इस बार परीक्षा में पास होने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थी सबसे पहले एमपी टीईटी 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें। इसके बाद मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वेबसाइट के होमपेज पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से संबंधित लिंक पर क्लिक करने के बाद मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करके आवेदन शुल्क जमा करना होगा। फॉर्म सबमिट करने से पहले नाम, जन्मतिथि और अन्य सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें। आवेदन में गलती होने पर 21 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक सुधार का मौका दिया गया है।
आवेदन का प्रिंटआउट जरूर रखें
आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म सबमिट करने से पहले पूरी जानकारी एक बार दोबारा जांच लेना बेहतर होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके। अभ्यर्थियों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।