मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभागों में भी कई जगह पानी गिरा।पूर्वी और मध्य मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत ज्यादा रही हैं। कई इलाकों में तेज बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने की संभावना भी जताई गई है।
सिहोरा में 120 MM से ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश जबलपुर जिले के सिहोरा में 120.3 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा मझौली में 105.4 MM और पुष्पराजगढ़ में 104.6 MM बारिश रिकॉर्ड हुई।वहीं नईगढ़ी में 89 MM और हनुमना में 80 MM बारिश दर्ज की गई। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मानसून की गतिविधि काफी सक्रिय रही।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव
बारिश के बीच प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस सतना के चित्रकूट और सीधी में दर्ज किया गया।वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस खरगौन में रिकॉर्ड हुआ। बारिश और बादलों के कारण कई इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना बनी हुई है।
सिवनी-मंडला-बालाघाट में अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सिवनी, मंडला और बालाघाट में कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट
सिवनी, मंडला और बालाघाट के अलावा रायसेन, राजगढ़, सतना, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर और छतरपुर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।इन इलाकों में भी गरज-चमक के साथ आंधी और 30 से 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगौन, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और नीमच समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
जबलपुर समेत इन जिलों में कई जगह बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में कई स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान है।पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां सबसे ज्यादा सक्रिय रह सकती हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
अगले 48 घंटे भी बारिश से राहत के आसार कम
प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 अगस्त को जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ज्यादातर स्थानों पर बारिश हो सकती है।19 अगस्त के आसपास भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का असर बने रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन कई इलाकों में बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।मौसम विभाग के 17 से 21 अगस्त तक के पूर्वानुमान में प्रदेश में लगातार बारिश की गतिविधियां दिखाई गई हैं।
आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना रहती है। लोगों को ऐसे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।