भोपाल: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने जा रहा है। डिप्रेशन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यह डिप्रेशन झारखंड और बिहार से होते हुए बुधवार तक छत्तीसगढ़ पहुंचेगा और कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदल सकता है। इसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 और 22 अगस्त को भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश की स्थिति को देखते हुए नरसिंहपुर, पन्ना और टीकमगढ़ में ऑरेंज अलर्ट, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
21-22 अगस्त को पूर्वी MP में ज्यादा असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ फिरोजपुर और देहरादून से होते हुए डिप्रेशन क्षेत्र तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तरी हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 और 22 अगस्त को भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
13 जिलों को अब भी अच्छी बारिश का इंतजार
प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक 573.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 651.4 मिलीमीटर है। यानी प्रदेश में अब तक 12 फीसदी कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी करीब 16 फीसदी, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में यह कमी 9 फीसदी है।
मैहर में सबसे ज्यादा बारिश की कमी
बारिश की कमी वाले जिलों में मैहर की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां सामान्य से 58 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा अलीराजपुर में 47 फीसदी, रीवा में 46 फीसदी, मुरैना में 38 फीसदी, नर्मदापुरम में 34 फीसदी, पांढुर्ना में 33 फीसदी, टीकमगढ़ में 31 फीसदी, सागर और धार में 29-29 फीसदी तथा जबलपुर में 28 फीसदी कम बारिश हुई है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बरसे बादल
प्रदेश के कुछ जिलों में मानसून ने सामान्य से ज्यादा बारिश दी है। बुरहानपुर में सामान्य से 39 फीसदी अधिक, खरगोन में 26 फीसदी, राजगढ़ में 24 फीसदी, जबकि भोपाल और भिंड में 18-18 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। गुना में भी सामान्य से 14 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
सीधी में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को डिप्रेशन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। सीधी में सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिवपुरी में 15 मिलीमीटर, रीवा में 7 मिलीमीटर, सतना और पचमढ़ी में 2-2 मिलीमीटर तथा मलाजखंड में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बड़े शहरों में तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| भोपाल | 26.8°C | 23.1°C |
| इंदौर | 28.9°C | 22.2°C |
| ग्वालियर | 33.7°C | 26.7°C |
| जबलपुर | 28.4°C | 24.0°C |
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।