मध्यप्रदेश में मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय बना हुआ है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी, दो सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्रों (लो प्रेशर एरिया), मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार (26 जुलाई) को भोपाल, इंदौर सहित 55 से अधिक जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
अगले चार दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 29 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान कई जिलों में कहीं-कहीं तो कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत होने की संभावना है, जिससे मानसून की सक्रियता और बढ़ सकती है।
पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान इंदौर संभाग के अधिकांश जिलों और उज्जैन संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भोपाल, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा हुई। वर्षा के आंकड़ों की बात करें तो हनुमना में 38 मिमी, कट्ठीवाड़ा में 37 मिमी, उमरेठ में 27.4 मिमी और पानसेमल में 26.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में अब तक सामान्य बारिश का 35 प्रतिशत पूरा
मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक मध्यप्रदेश में औसतन 330.4 मिमी (करीब 13 इंच) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो इस सीजन की सामान्य वर्षा का लगभग 35 प्रतिशत है। हाल के दिनों में हुई लगातार बारिश से प्रदेश में वर्षा की कमी काफी हद तक कम हुई है और कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग की लोगों और किसानों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज बारिश के समय अनावश्यक यात्रा न करें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों एवं अपडेट पर नजर बनाए रखें। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और खराब मौसम के दौरान कृषि कार्य करने से बचें।