भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून ट्रफ के उत्तर दिशा की ओर खिसकने से मौसम का मिजाज बदल गया है। इसके कारण प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं, जबकि पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। कई शहरों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
20 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
सोमवार शाम को श्योपुर, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, विदिशा, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह और रायसेन समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं राजधानी भोपाल में दिनभर धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। इंदौर और जबलपुर में अधिकतम तापमान में करीब 2.4 से 2.9 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई।
कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं
वर्तमान में प्रदेश के ऊपर कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर और बालुरघाट होते हुए मणिपुर की ओर गुजर रही है। इसके अलावा मध्य पाकिस्तान के ऊपर लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं
दक्षिणी बांग्लादेश और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है, लेकिन इन सिस्टमों का प्रभाव मध्यप्रदेश पर फिलहाल सीमित है। इसी वजह से अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में कहीं भी व्यापक या भारी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्यप्रदेश में अगले चार-पांच दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा, जबकि पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होती रहेगी।
प्रदेश के चार प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
शहर अधिकतम न्यूनतम
भोपाल 32.8 25.2
इंदौर 33.0 24.0
ग्वालियर 33.6 28.3
जबलपुर 34.8 26.0