मध्यप्रदेश में पिछले एक सप्ताह से कमजोर पड़ा मानसून अब फिर से सक्रिय होने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा जोर पकड़ सकता है। तब तक तापमान और उमस में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।हालांकि 13 से 15 जुलाई के बीच प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश या छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा।
16 जुलाई से फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून
बंगाल की खाड़ी में बादलों की सक्रियता बढ़ रही है, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 16 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो जाएगा और बारिश का सिलसिला फिर शुरू हो सकता है। इससे किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा 13 जुलाई को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 16 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। 13 और 14 जुलाई को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
वहीं 15 और 16 जुलाई के दौरान नर्मदापुरम और भोपाल संभाग के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
महाकौशल क्षेत्र में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार महाकौशल क्षेत्र के जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर 50 से 100 मिमी तक वर्षा हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में 100 मिमी से अधिक बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है। मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश की कमी दूर होने और खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है।