इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में 11 सितंबर से दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में समिट का शुभारंभ करेंगे। समिट में देशभर के परिवहन विशेषज्ञ, निजी बस ऑपरेटर, आईटी कंपनियां और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होकर मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर मंथन करेंगे।
‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर रहेगा फोकस
दो दिवसीय समिट का प्रमुख केंद्र ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ रहेगा। ‘नई सोच, नई राह, नया मध्यप्रदेश’ विजन के तहत मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) के जरिए जन-निजी भागीदारी (PPP), आधुनिक आईटी सिस्टम और ग्रीन एनर्जी आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल भी समिट में शामिल होंगे।
CM करेंगे इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट के दौरान **इंडस्ट्री एक्सपो** का उद्घाटन करेंगे। इसमें बस निर्माता कंपनियां, आईटी कंपनियां, वित्तीय संस्थान और परिवहन क्षेत्र से जुड़े उद्योग अपनी तकनीक, गतिविधियों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। एक्सपो के जरिए परिवहन क्षेत्र में निवेश और नई साझेदारियों की संभावनाओं को बढ़ावा देने की कोशिश होगी।
MPYPIL के नए लोगो और विशेष पुस्तिका का विमोचन
समिट में MPYPIL के नए लोगो का अनावरण किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के जरिए इस लोगो का चयन किया गया है। इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की संरचना और भविष्य की योजनाओं पर आधारित विशेष पुस्तिका का भी विमोचन होगा। समिट की स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
मोबिलिटी स्टार्टअप्स के लिए हैकाथॉन
परिवहन क्षेत्र में तकनीकी समाधान और नए प्रयोगों को बढ़ावा देने के लिए **हैकाथॉन** का भी शुभारंभ होगा। इसका उद्देश्य मोबिलिटी स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करना और यात्री परिवहन से जुड़ी चुनौतियों के लिए तकनीक आधारित समाधान तलाशना है।
आठ सत्रों में होगा परिवहन व्यवस्था पर मंथन
समिट में कुल 8 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें MP Mobility Vision-2030 के तहत PPP मॉडल, आधुनिक परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर, बस संचालन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार और उद्यमिता, यात्री सुरक्षा, AI आधारित रूट प्लानिंग, ग्रीन मोबिलिटी और एकीकृत टिकटिंग जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
AI और डेटा से तय होंगे बस रूट
समिट में राज्यव्यापी ITMS, रियल टाइम डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से इंट्रा-सिटी और इंटर-सिटी बस रूट एवं शेड्यूल को बेहतर बनाने पर भी विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे। उद्देश्य यात्री जरूरत के मुताबिक बस सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाना है।
ग्रीन मोबिलिटी और स्मार्ट टिकटिंग पर भी जोर
इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल बसों के साथ चार्जिंग और रीफ्यूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन डिपो और आधुनिक सुरक्षा तकनीकों पर चर्चा होगी। वहीं एकीकृत टिकटिंग, ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड और मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस जैसे विकल्पों के जरिए यात्रियों को निर्बाध यात्रा सुविधा देने पर भी मंथन होगा।