भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने ग्रुप-2 उपसमूह-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 के तहत कुल 2306 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 18 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान में 61 विभागों और सरकारी संस्थानों के 2106 पदों के साथ दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पटवारी के 200 पद भी शामिल किए गए हैं। यह भर्ती राज्य के कई प्रमुख विभागों में की जाएगी और चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
कृषि मंडी बोर्ड में सबसे ज्यादा 530 पद
इस भर्ती में सबसे अधिक 530 पद मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड में सहायक उप निरीक्षक के लिए हैं। इसके अलावा पंचायत राज संचालनालय, सहकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एमपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन, उद्योग संचालनालय, मेडिकल कॉलेज, नगर निगम, पॉलिटेक्निक कॉलेज, विकास प्राधिकरण और अन्य सरकारी संस्थानों में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
पटवारी के 200 पद भी इसी परीक्षा से भरेंगे
MPESB की नियम पुस्तिका के अनुसार पटवारी के 200 पदों पर भर्ती भी इसी संयुक्त परीक्षा के माध्यम से होगी। इन पदों के लिए जिलावार रिक्तियों का विवरण अलग से जारी किया गया है। पटवारी पद के लिए पात्रता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया अन्य पदों से अलग रहेगी।
प्रमुख विभागों में रिक्त पद
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड – सहायक उप निरीक्षक : 530 पद
पंचायत राज संचालनालय – पंचायत समन्वय अधिकारी सहित विभिन्न पद : 373 पद
आयुक्त सहकारिता – 105 पद
महिला एवं बाल विकास विभाग – 88 पद
एमपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन – 118 पद
उद्योग संचालनालय – 45 पद
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पटवारी – 200 पद
अन्य महत्वपूर्ण पद
भर्ती में पंचायत राज संचालनालय में खंड पंचायत अधिकारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर, पंचायत समन्वय अधिकारी, सामाजिक न्याय विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर, स्थानीय निधि संपरीक्षा विभाग में सहायक संपरीक्षक, जल संसाधन विभाग में अमीन, जनजातीय कार्य विभाग में डेटा एंट्री ऑपरेटर और मंडल संयोजक, जनसंपर्क संचालनालय में सहायक जनसंपर्क अधिकारी, नगर निगम सतना में सहायक आयुक्त, एमपी लघु उद्योग निगम में प्रबंधक और सेल्स गर्ल सहित कई पद शामिल हैं।
18 अगस्त तक भर सकेंगे आवेदन
उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 18 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद निर्धारित तिथि पर लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी और सफल अभ्यर्थियों का चयन विभागवार नियमों के अनुसार किया जाएगा।