भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस विभाग में सूबेदार (स्टेनो) एवं सहायक उपनिरीक्षक (ASI) भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 500 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में 438 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं, न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण 13 प्रतिशत पदों का परिणाम फिलहाल होल्ड रखा गया है।अंतिम चयन सूची के अनुसार 88 अभ्यर्थियों का चयन सूबेदार (स्टेनो) और 350 अभ्यर्थियों का चयन सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पद के लिए हुआ है।
अपूर्व शर्मा और ऋषि रंधवे ने किया टॉप
घोषित परिणाम के अनुसार जबलपुर के अपूर्व शर्मा ने सूबेदार (स्टेनो) भर्ती में अनारक्षित वर्ग में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं भोपाल के ऋषि रंधवे ने ईडब्ल्यूएस वर्ग में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) भर्ती परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
महिला अभ्यर्थियों की रही अच्छी भागीदारी
भर्ती परिणाम में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। सूबेदार (स्टेनो) के चयनित 88 अभ्यर्थियों में 30 महिलाएं और 58 पुरुष शामिल हैं। वहीं 350 चयनित ASI अभ्यर्थियों में 122 महिलाएं और 228 पुरुष हैं।
आठ साल बाद हुई कार्यालयीन स्टाफ की भर्ती
मध्य प्रदेश पुलिस में पिछले करीब आठ वर्षों से स्टेनोग्राफर और कार्यालयीन स्टाफ की भर्ती नहीं हुई थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े थे। इन रिक्तियों को भरने के लिए वर्ष 2025 में पुलिस मुख्यालय ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 100 सूबेदार (स्टेनो) और 400 सहायक उपनिरीक्षक सहित कुल 500 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी थी।
ऐसे पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया
19 सितंबर 2025: भर्ती का विज्ञापन जारी।
3 से 30 अक्टूबर 2025: ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया।
17 और 18 दिसंबर 2025: लिखित परीक्षा आयोजित।
17 फरवरी 2026: लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित।
2 से 4 जून 2026: हिंदी टाइपिंग, शीघ्रलेखन (स्टेनो) और दस्तावेज सत्यापन।
18 जुलाई 2026: अंतिम परिणाम जारी।
नियुक्ति से पहले पूरी होगी यह प्रक्रिया
MPESB के अनुसार लिखित और प्रायोगिक परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर श्रेणीवार मेरिट सूची तैयार की गई है। चयनित उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण और इकाई आवंटन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें नियुक्ति दी जाएगी और फिर मध्य प्रदेश पुलिस के प्रशिक्षण संस्थानों में आधारभूत प्रशिक्षण कराया जाएगा।
13 प्रतिशत पदों का परिणाम अभी लंबित
दस्तावेज सत्यापन और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 87 प्रतिशत पदों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। शेष 13 प्रतिशत पदों का परिणाम न्यायालय के निर्देशों के कारण फिलहाल लंबित रखा गया है।उम्मीदवार अपना अंतिम परिणाम मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।