मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 के दूसरे चरण की तारीख तय कर दी है। छह विषयों के 417 पदों के लिए परीक्षा 2 अगस्त को भोपाल और इंदौर के 45 से अधिक केंद्रों पर आयोजित होगी।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 का दूसरा चरण 2 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इस चरण में छह विषयों के लिए कुल 417 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
500 से अधिक पदों पर होनी है भर्ती
प्रदेश के 500 से ज्यादा सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों के पद खाली हैं। इन रिक्तियों को भरने के लिए एमपीपीएससी ने 19 विषयों में चार चरणों में भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।
पहले चरण की परीक्षा 12 जुलाई को आयोजित हो चुकी है। अब दूसरे चरण में हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र और अर्थशास्त्र विषयों के लिए परीक्षा होगी।
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
MPPSC सहायक प्राध्यापक परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले सत्र में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र होगा। वहीं दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित विषय का पेपर आयोजित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से 45 मिनट पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र अनिवार्य होगा।
भोपाल और इंदौर में बनाए गए 45 से ज्यादा केंद्र
आयोग ने परीक्षा के लिए भोपाल और इंदौर में 45 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए केंद्रों पर ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
विषयवार पदों का विवरण
| विषय | कुल पद | सामान्य (UR) | अनुसूचित जनजाति (ST) | अनुसूचित जाति (SC) | अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) | EWS |
|---|---|---|---|---|---|---|
| हिंदी | 57 | 15 | 11 | 9 | 16 | 6 |
| राजनीति शास्त्र | 73 | 19 | 15 | 12 | 20 | 7 |
| अर्थशास्त्र | 72 | 19 | 12 | 14 | 20 | 7 |
| समाजशास्त्र | 71 | 19 | 14 | 11 | 20 | 7 |
| वाणिज्य | 88 | 23 | 18 | 14 | 24 | 9 |
| अंग्रेजी | 56 | 15 | 11 | 9 | 15 | 6 |
| कुल योग | 417 | 110 | 81 | 69 | 115 | 42 |
एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी MPPSC की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय एडमिट कार्ड के साथ फोटो पहचान पत्र ले जाना जरूरी होगा। MPPSC ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी गाइडलाइन का पालन करें और समय से पहले केंद्र पर पहुंचें।