मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर दूसरे दिन भी रेल यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। मुंबई रेल मंडल के घोलवड-उमरगाम रोड रेलखंड में जलभराव के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने अवंतिका एक्सप्रेस सहित 8 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घोलवड-उमरगाम सेक्शन के ब्रिज नंबर-203 पर पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर रेल परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित किया गया, जिससे पश्चिम रेलवे और रतलाम रेल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
कई स्टेशनों पर रोकी गईं ट्रेनें
भारी बारिश और जलभराव के कारण मुंबई की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को रतलाम, नागदा, नामली, मेघनगर, लिमखेड़ा, थांदला रोड और बामनिया जैसे स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इससे हजारों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों के लिए भोजन और पानी का इंतजाम
रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को दाल-चावल, खिचड़ी, पोहा, केले और पेयजल उपलब्ध कराया गया। इस सेवा कार्य में रेलवे कर्मचारियों के साथ रतलाम के बोहरा समाज, स्थानीय सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों ने भी सहयोग किया।
ये 8 ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे ने निम्नलिखित ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशनों से रद्द करने का फैसला लिया है—
12228 इंदौर–मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (24 जुलाई)
19019 बांद्रा टर्मिनस–हरिद्वार एक्सप्रेस (24 जुलाई)
12962 इंदौर–मुंबई सेंट्रल अवंतिका एक्सप्रेस (24 जुलाई)
12995 बांद्रा टर्मिनस–अजमेर एक्सप्रेस (24 जुलाई)
19020 हरिद्वार–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (25 जुलाई)
12904 अमृतसर–मुंबई सेंट्रल गोल्डन टेम्पल मेल (25 जुलाई)
12926 अमृतसर–मुंबई सेंट्रल पश्चिम एक्सप्रेस (25 जुलाई)
19038 बरौनी–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (26 जुलाई)
इन ट्रेनों के रूट में बदलाव
रेलवे ने छह ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया है—
12980 जयपुर–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस वडोदरा तक ही जाएगी।
12979 बांद्रा टर्मिनस–जयपुर एक्सप्रेस वडोदरा से शुरू होगी।
22655 एर्नाकुलम–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस उमरगाम रोड तक ही संचालित होगी।
19012 दाहोद–वलसाड इंटरसिटी एक्सप्रेस कोसाड से चलेगी।
04727 हिसार–वलसाड स्पेशल मारोली तक ही जाएगी।
12904 गोल्डन टेम्पल मेल रतलाम तक ही संचालित होगी।
यात्रियों से अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें। मौसम की स्थिति सामान्य होने तक कुछ और ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया जा सकता है। पश्चिम रेलवे लगातार जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ट्रैक सुरक्षित होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा।