इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर में आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ करेंगे। इस कॉन्क्लेव में प्रदेशभर से आए करीब 5 हजार युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नीति निर्माण में भागीदार बनाना और प्रदेश के समग्र विकास में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
10 प्रमुख क्षेत्रों पर होगा मंथन
कॉन्क्लेव में शिक्षा, खेल, उद्यमिता, कृषि, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक विकास सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। युवाओं को अलग-अलग विषयगत समूहों में बांटकर उनके सुझाव और विचार लिए जाएंगे।
दो प्रेरक यात्राओं का होगा संगम
कार्यक्रम की खास आकर्षण दो प्रेरक यात्राएं होंगी। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली भाबरा से निकली आज़ाद युवा बाइक रैली और आदि शंकराचार्य की दीक्षा भूमि ओंकारेश्वर से शुरू हुई शंकर संकल्प साइकिल यात्रा इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में एक साथ पहुंचकर संपन्न होंगी। इसे क्रांति और ज्ञान के संगम का प्रतीक बताया जा रहा है।
तैयार होगा ‘मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026’ दस्तावेज
कॉन्क्लेव में युवाओं से प्राप्त सुझावों और संकल्पों का समेकन कर ‘मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026’ दस्तावेज तैयार किया जाएगा। यह दस्तावेज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपा जाएगा, ताकि भविष्य की नीतियों में युवाओं के सुझावों को शामिल किया जा सके।
चार नए राज्य स्तरीय युवा पुरस्कारों की होगी घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए चार नई राज्य स्तरीय युवा पुरस्कार श्रेणियों की घोषणा भी करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री युवा शिखर सम्मान, मुख्यमंत्री युवा नवाचार पुरस्कार, मुख्यमंत्री युवा समाज सेवा पुरस्कार और मुख्यमंत्री युवा कला-क्रीड़ा गौरव पुरस्कार शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा।