राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप के सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया को पहले कार्यक्रम में प्रवेश से रोका गया, बाद में मंच पर बैठने को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान एक बुजुर्ग द्वारा उन्हें थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर विरोध जताया।
कार्यक्रम से पहले ही शुरू हुआ विवाद
शुक्रवार को आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत यादव, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन अरोरा और उनके समर्थक पहुंचे थे। पुलिस ने शुरुआत में उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश से रोक दिया। पुलिस का कहना था कि मंत्री के कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया।
धरना, समझाइश और फिर कार्यक्रम में प्रवेश
प्रवेश से रोके जाने के बाद चंदर सिंह सोंधिया अपने समर्थकों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में एसडीएम गोविंद दुबे और तहसीलदार की समझाइश के बाद उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी गई।
मंच पर बैठने को लेकर हुआ विवाद
कार्यक्रम स्थल पर पहले चंदर सिंह सोंधिया मंच के सामने जमीन पर बैठे। बाद में उन्हें मंच पर बुलाया गया। इसी दौरान मंच पर मौजूद लोगों के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया। कांग्रेस का आरोप है कि विधायक मोहन शर्मा के बेटे के साथ कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बनी।
मंच से नीचे उतारने के दौरान थप्पड़ मारने का VIDEO वायरल
विवाद बढ़ने पर पुलिस ने चंदर सिंह सोंधिया को मंच से नीचे उतारा और कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाने लगी। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
थाने पहुंचा मामला, कांग्रेस ने किया विरोध
घटना के बाद पुलिस चंदर सिंह सोंधिया को सुरक्षा के बीच नरसिंहगढ़ थाने ले गई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने का घेराव किया। काफी देर तक थाने के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस और कांग्रेस के अलग-अलग दावे
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ अभद्रता और हमला किया। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपलब्ध वीडियो व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।