नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश से 6 नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, आशीष अग्रवाल को मीडिया सह-संयोजक, वीडी शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
एमपी के इन 6 नेताओं को मिली जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश से भाजपा की राष्ट्रीय टीम में शामिल किए गए सभी छह नेताओं का संगठन और जमीनी राजनीति से जुड़ा लंबा अनुभव रहा है। लाल सिंह आर्य मध्य प्रदेश भाजपा के प्रमुख दलित चेहरों में गिने जाते हैं। वे राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। गजेंद्र सिंह पटेल खरगोन से लोकसभा सांसद हैं और आदिवासी क्षेत्र में भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। आशीष अग्रवाल भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण चेहरों में रहे हैं और प्रदेश स्तर पर पार्टी की मीडिया गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वीडी शर्मा वर्तमान में खजुराहो से सांसद हैं और मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ के साथ वे लंबे समय से भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हैं। कविता पाटीदार इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं और वर्ष 2022 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा पहुंचीं। उन्हें भाजपा के महिला और OBC प्रतिनिधित्व वाले प्रमुख चेहरों में माना जाता है। वहीं बंशीलाल गुर्जर किसान राजनीति से जुड़े अनुभवी नेता हैं और मध्य प्रदेश में किसान एवं सहकारिता क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान मिलने के साथ पार्टी ने उन्हें देशभर के किसान संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
महिला प्रतिनिधित्व पर खास जोर
नितिन नवीन की नई टीम में महिला प्रतिनिधित्व पर खास फोकस नजर आ रहा है। कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं हैं। यानी इस पद पर महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 46 फीसदी है। इसके अलावा एक महिला नेता स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, चार महिलाओं को राष्ट्रीय सचिव के तौर पर संगठन में जगह मिली है। इससे भाजपा की नई टीम में महिलाओं की भागीदारी को लेकर पार्टी की रणनीति साफ दिखाई देती है।
दो मुस्लिम नेताओं को भी जगह
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में दो मुस्लिम नेताओं को भी जगह दी गई है। इनमें तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,कुंवर वासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इसे पार्टी की राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को संतुलित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। नई टीम में अलग-अलग वर्गों और समुदायों को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिखाई देता है।