प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सख्त बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 'हमारे शिक्षक' ऐप में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब शिक्षकों को केवल स्कूल पहुंचकर ई-अटेंडेंस दर्ज करना ही नहीं होगा, बल्कि स्कूल की छुट्टी के बाद लॉगआउट भी विद्यालय परिसर से ही करना अनिवार्य होगा। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से समय से पहले स्कूल छोड़ने की शिकायतों पर प्रभावी रोक लगेगी।
लोकेशन आधारित नई व्यवस्था हुई लागू
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ शिक्षक विद्यालय पहुंचकर फेस कैप्चर के जरिए उपस्थिति दर्ज करने के बाद समय से पहले स्कूल छोड़ देते थे और निर्धारित समय पर घर या अन्य स्थान से ऐप में लॉगआउट कर देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि लॉगआउट के समय 50 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों की लोकेशन स्कूल परिसर से बाहर पाई गई।
स्कूल परिसर से ही करना होगा लॉगआउट
नई व्यवस्था के तहत अब ई-अटेंडेंस प्रणाली पूरी तरह लोकेशन आधारित कर दी गई है। शिक्षक तभी सफलतापूर्वक लॉगआउट कर सकेंगे, जब वे विद्यालय परिसर में मौजूद होंगे। विभाग का कहना है कि इस बदलाव से उपस्थिति प्रणाली अधिक पारदर्शी होगी, शिक्षकों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित होगी और विद्यार्थियों को निर्धारित समय तक शिक्षण कार्य का लाभ मिल सकेगा।