गुना के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। मंगलवार को आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में उन्होंने रामायण और महाभारत समेत इतिहास के उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाओं की वजह से युद्ध हुए, लेकिन इन युद्धों में महिलाओं की मौत नहीं हुई, बल्कि पुरुष ही मारे गए।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास में हुए युद्धों के पीछे महिलाओं की भूमिका रही, लेकिन उनमें जान पुरुषों ने गंवाई।
महिला विधायक ने जताई आपत्ति
मंच पर मौजूद चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने पन्नालाल शाक्य के बयान पर आपत्ति जताते हुए इसे महिलाओं का अपमान बताया। इस पर शाक्य नाराज हो गए।इसके बाद उन्होंने प्रियंका पेंची से बैठने के लिए कहा।
पांचाली और संयोगिता का दिया उदाहरण
पन्नालाल शाक्य ने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि पांचाली के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, लेकिन किसी महिला की मौत नहीं हुई। उन्होंने रामायण में रावण द्वारा सीता के हरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रावण को उसके भाई ने समझाया था कि पराई स्त्री को ले जाना गलत है। ये तो मौत का सामान है।उसे सम्मान के साथ वापस भेज देना चाहिए।इतिहास का उदाहरण देते हुए उन्होंने पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता का संदर्भ भी दिया और कहा कि संयोगिता के कारण पृथ्वीराज चौहान के कई सामंत मारे गए।
देशभक्ति गीत पर भी उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि उल्टे-सीधे गीत नहीं गाना चाहिए, इनपर रोक लगाना चाहिए। कि ऐ वतन, हम तेरे लिए जान नहीं देंगे, जान ले लेंगे। आज की स्थिति ऐसी ही बनती जा रही है।