इटारसी। नैनपुर से इंदौर जा रही पेंचवैली एक्सप्रेस (19344) में बुधवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। इटारसी के पास पोला पत्थर स्टेशन के नजदीक ट्रेन के B2 एसी कोच में शॉर्ट सर्किट होने से एसी पैनल से धुआं निकलने लगा। धुआं फैलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई, जिसके बाद सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कोच में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी सवार थे। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। धुआं फैलने से कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसी पैनल से पहले धुआं निकला, फिर चिंगारियां दिखाई देने लगीं।
फायर अलार्म बजा, कोच में मची अफरा-तफरी
घटना के दौरान कोच में फायर अलार्म बजने लगे और बिजली की लाइटें बार-बार ऑन-ऑफ होने लगीं। अचानक धुआं भरने से यात्री घबरा गए और जान बचाने के लिए बिना सामान लिए ही ट्रेन से नीचे उतर गए।
35 सदस्यीय रेलवे टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी जांच के बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
दूसरे कोच में शिफ्ट किए गए यात्री
सुरक्षा के मद्देनजर B2 कोच के सभी यात्रियों को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया। इसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।