भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से पितृपक्ष में गया जाकर पिंडदान और तर्पण करने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई है। रेलवे की ओर से रानी कमलापति-गया के बीच पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को गया पहुंचने के लिए दूसरी ट्रेन पकड़ने या बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत कम होगी। पितृपक्ष के दौरान नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण इस स्पेशल ट्रेन को अतिरिक्त विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
27 सितंबर से शुरू होंगे स्पेशल ट्रेन के फेरे
गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-गया पितृपक्ष स्पेशल कुल तीन ट्रिप करेगी। यह ट्रेन 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी।ट्रेन अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी। यानी यात्रियों को भोपाल क्षेत्र से गया तक जाने के लिए सीधा स्पेशल रेल विकल्प मिलेगा।
वापसी का भी रहेगा इंतजाम
गया से वापसी के लिए गाड़ी संख्या 01662 गया-रानी कमलापति स्पेशल चलेगी। यह ट्रेन 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को गया से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी।वापसी यात्रा के बाद ट्रेन अगले दिन शाम 4:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
जबलपुर, सतना समेत इन शहरों के यात्रियों को फायदा
पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी। इनमें नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, सासाराम और डेहरी-आन-सोन सहित कई स्टेशन शामिल हैं।इन स्टेशनों के आसपास रहने वाले श्रद्धालु भी इस स्पेशल ट्रेन का लाभ लेकर गया तक यात्रा कर सकेंगे। इससे मध्य प्रदेश के साथ-साथ रास्ते में आने वाले अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
24 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन
रानी कमलापति-गया पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें अलग-अलग श्रेणियों के कोच शामिल हैं।
कोच संरचना:
4 सामान्य श्रेणी के कोच
12 स्लीपर कोच
4 एसी थर्ड कोच
2 एसी सेकंड कोच