विजयनगरम | आंध्र प्रदेश- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (1 अगस्त) को आंध्र प्रदेश को बड़ी विकास सौगात देते हुए विजयनगरम जिले के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। लगभग ₹5,000 करोड़ की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक एयरपोर्ट के साथ प्रधानमंत्री ने ₹17,900 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। राज्य सरकार का मानना है कि यह एयरपोर्ट उत्तर आंध्र क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे निवेश, रोजगार, निर्यात, पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है।
17 अगस्त से शुरू होंगी कमर्शियल उड़ानें
भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 अगस्त से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू होगा। पहले चरण में एयरपोर्ट को हर साल 60 लाख यात्रियों की क्षमता के अनुरूप विकसित किया गया है। भविष्य में मास्टर प्लान के तहत इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष करने की योजना है।
AI और अत्याधुनिक तकनीक से लैस एयरपोर्ट
एयरपोर्ट को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है ताकि यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके। इसमें—
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM)
एयरसाइड 4.0 टेक्नोलॉजी
एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशन्स सेंटर (APOC)
बायोमेट्रिक पैसेंजर प्रोसेसिंग
ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम
जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
आंध्र प्रदेश सरकार के अनुसार यह परियोजना केवल एक एयरपोर्ट नहीं बल्कि पूरे उत्तर आंध्र क्षेत्र के लिए आर्थिक विकास का नया केंद्र बनेगी। इससे उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में निवेश बढ़ने की संभावना है।
CM चंद्रबाबू नायडू भी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री को एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी।