भोपाल। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल से दिल्ली ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक, वे पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे। पहले उनका इलाज भोपाल में चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
विधानसभा सत्र के दौरान हुई तबीयत खराब
बताया जा रहा है कि मानसून सत्र में शामिल होने के लिए मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भोपाल आए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और तेज बुखार के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। स्वास्थ्य अधिक खराब होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर करने का निर्णय लिया।
दिल्ली के निजी अस्पताल में इलाज जारी
फिलहाल मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। सरकार और भाजपा के नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
कौन हैं प्रद्युम्न सिंह तोमर?
प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र (ग्वालियर-15) से विधायक हैं और मध्य प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री हैं। वर्ष 2020 में वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान सरकार में उन्हें ऊर्जा मंत्री बनाया गया और वर्तमान मोहन यादव सरकार में भी वे इसी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
अपनी कार्यशैली के लिए रहते हैं चर्चा में
प्रद्युम्न सिंह तोमर अपनी अलग कार्यशैली के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। वे स्वयं को ग्वालियर का "सेवक" बताते हैं और कई बार शहर में सफाई अभियान चलाते हुए झाड़ू और फावड़ा लेकर मैदान में उतर चुके हैं। आम लोगों के घर जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनके साथ बैठकर भोजन करना भी उनकी पहचान का हिस्सा रहा है।