उज्जैन: मध्य प्रदेश की सियासत में आने वाले दिनों में हलचल बढ़ सकती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का सितंबर में उज्जैन दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान राहुल गांधी विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लेने के बाद कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर सकते हैं। हालांकि, राहुल गांधी के दौरे की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महाकाल दर्शन से शुरू हो सकता है दौरा
उज्जैन नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रवि राय के मुताबिक राहुल गांधी अपने दौरे की शुरुआत बाबा महाकाल के दर्शन से कर सकते हैं। इसके बाद वे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को कांग्रेस के लिए केवल औपचारिक दौरे के बजाय संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
प्रस्तावित कार्यक्रम में उज्जैन संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। इनमें रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
राहुल गांधी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मंडल एवं ग्राम पंचायत स्तर के पदाधिकारियों और BLA-2 कार्यकर्ताओं से भी संवाद कर सकते हैं। इस दौरान बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर फीडबैक लिए जाने की बात कही जा रही है।
कार्तिक मेला ग्राउंड हो सकता है कार्यक्रम स्थल
प्रस्तावित कार्यक्रम और संभावित जनसभा के लिए उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड को विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, कार्यक्रम स्थल और तारीख पर अंतिम फैसला आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आधिकारिक कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही संगठन के विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।
उज्जैन के बाद रीवा में भी हो सकता है कार्यकर्ता संवाद
उज्जैन कार्यक्रम के बाद इसी तरह का कार्यकर्ता संवाद रीवा संभाग में आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा है। इसका उद्देश्य पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना बताया जा रहा है।
2024 में भी महाकाल पहुंचे थे राहुल गांधी
इससे पहले 5 मार्च 2024 को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी उज्जैन पहुंचे थे और बाबा महाकाल के दर्शन किए थे। अब सितंबर में प्रस्तावित दौरे को लेकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हालांकि, दौरे की तारीख, कार्यक्रम और जनसभा को लेकर अंतिम आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।