नई दिल्ली मध्यप्रदेश में राजनीतिक हलचल के बीच प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। अमित शाह के आवास पर हुई इस मुलाकात को राजेंद्र शुक्ल ने सौजन्य भेंट बताया है। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
अमित शाह से मुलाकात, राजेंद्र शुक्ल ने बताया सौजन्य भेंट
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
राजनाथ सिंह से भी मिले डिप्टी सीएम
दिल्ली प्रवास के दौरान राजेंद्र शुक्ल ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं।राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि राजनाथ सिंह से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श हुआ।
दिल्ली दौरे से MP की सियासत में हलचल
राजेंद्र शुक्ल का दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है, जब मध्यप्रदेश भाजपा के कई बड़े नेताओं की दिल्ली में सक्रियता बढ़ी हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी तीन दिन में दूसरी बार दिल्ली पहुंचे हैं।वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी लगातार दिल्ली का दौरा कर रहे हैं। वे पिछले 15 दिनों में तीन बार नई दिल्ली जा चुके हैं और केंद्रीय संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं।
प्रदेश के कई बड़े नेताओं और मंत्रियों की केंद्रीय नेतृत्व से लगातार मुलाकातों के बीच राजेंद्र शुक्ल की अमित शाह और राजनाथ सिंह से हुई मुलाकात ने मध्यप्रदेश की सियासत में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।हालांकि, राजेंद्र शुक्ल ने अमित शाह से मुलाकात को सौजन्य भेंट ही बताया है।