उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार सुबह भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री रूपा गांगुली बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने के लिए तड़के मंदिर पहुंचीं। अभिनेत्री ने करीब दो घंटे तक नदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वह पूरी तरह भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आईं। भस्म आरती के दिव्य दर्शन के बाद उन्होंने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही।
चांदी द्वार से किया बाबा महाकाल का जलाभिषेक
भस्म आरती में शामिल होने के बाद रूपा गांगुली ने बाबा महाकाल का विशेष पूजन किया। उन्होंने चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अभिनेत्री का स्वागत और सम्मान किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अभिनेत्री को देखकर खुशी जाहिर की।
‘जब मन विचलित होता है तो महाकाल के दरबार आती हूं’
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रूपा गांगुली ने अपनी आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह आज जो भी हैं, बाबा महाकाल की कृपा से हैं। अभिनेत्री ने कहा कि जब भी उनका मन विचलित होता है, वह सीधे बाबा महाकाल के दरबार में आ जाती हैं। भस्म आरती में शामिल होने के बाद मिलने वाली शांति को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।
भस्म आरती को बताया दिव्य अनुभव
रूपा गांगुली ने कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती का अनुभव बेहद अद्भुत और आध्यात्मिक होता है। उन्होंने बताया कि आरती के दौरान मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा और शांति मन को अलग ही अनुभूति देती है। महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती देश-विदेश के श्रद्धालुओं के बीच काफी प्रसिद्ध है। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहले से अनुमति लेकर पहुंचते हैं।
उज्जैन में लगातार पहुंच रहे हैं फिल्म और टीवी जगत के सितारे
धार्मिक नगरी उज्जैन और बाबा महाकाल की प्रसिद्धि के कारण देशभर से फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियां दर्शन के लिए पहुंचती रहती हैं। कलाकारों के बीच महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना और भस्म आरती में शामिल होने का विशेष आकर्षण देखा जाता है।