सागर में जहरीली शराबकांड के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रवि लखेरा का शुक्रवार सुबह पुलिस से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक बरायठा के जंगल में आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई।मुठभेड़ के दौरान रवि लखेरा के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस उसे इलाज के लिए बंडा अस्पताल लेकर पहुंची।रवि लखेरा इस मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल था और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
3 आरोपियों के 5 मकानों पर चला बुलडोजर
मामले में प्रशासन ने गुरुवार को तीन आरोपियों के पांच मकानों के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर कार्रवाई की थी।जिनके निर्माण पर कार्रवाई की गई, उनमें आरोपी मनीष लोधी, करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत और आशीष साहू के निर्माण शामिल हैं।
33 आरोपी बनाए गए, 13 अभी फरार
पुलिस ने जहरीली शराबकांड में अब तक 33 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें मुख्य आरोपी रवि लखेरा समेत 18 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जहरीली शराबकांड में पुलिस कार्रवाई तेज
मुख्य आरोपी रवि लखेरा के मुठभेड़ में घायल होने और लगातार गिरफ्तारी के बीच पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। वहीं प्रशासन की ओर से आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई की जा रही है।