सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई 14 लोगों की मौत के मामले को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण नहीं होने का आरोप लगाया।
सरकार पर जमकर बरसे विवेक तंखा
नरसिंहपुर के गाडरवारा स्थित होटल हीरा पार्क में रोटरी क्लब के कार्यक्रम में पहुंचे विवेक तंखा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अवैध शराब एक बड़ी सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सागर की घटना से साफ है कि सरकार का अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है और आम जनता की सुरक्षा के मामले में सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है।
बीमार लोगों को बेहतर इलाज देने की मांग
विवेक तंखा ने जहरीली शराब की घटना में बीमार हुए लोगों के इलाज को लेकर भी सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इस त्रासदी में और लोगों की जान न जाए।
Gen Z को लेकर भी दिया बयान
कार्यक्रम के दौरान विवेक तंखा से आज की Gen Z यानी युवा पीढ़ी को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी पर दबाव है और “जेन-जी से सभी लोग दबे हुए महसूस कर रहे हैं।” सागर जहरीली शराब कांड के बाद विपक्ष लगातार सरकार से अवैध शराब के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।