भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल में मॉडल-अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई ने बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी ने मामले में 636 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में ट्विशा की मौत को आत्महत्या बताया गया है। सीबीआई के मुताबिक, दिल्ली AIIMS की टीम द्वारा किए गए दूसरे पोस्टमार्टम में भी आत्महत्या की पुष्टि हुई है।
परिवार ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उठाए थे सवाल
ट्विशा शर्मा के परिवार ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर आपत्ति जताई थी। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि पोस्टमार्टम से पहले तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई और ट्विशा की मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश हुई। परिजनों ने ट्विशा की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा।
दिल्ली AIIMS की टीम ने किया था दूसरा पोस्टमार्टम
परिवार की आपत्ति के बाद जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश पर दिल्ली AIIMS की टीम भोपाल पहुंची। टीम ने भोपाल AIIMS में ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम किया। अब सीबीआई की ओर से दाखिल चार्जशीट में कहा गया है कि दूसरे पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण आत्महत्या ही सामने आया है।
पति और सास के खिलाफ चार्जशीट
सीबीआई ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। दोनों पर मामले में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले सीबीआई की विशेष अदालत ने कथित दहेज मौत के मामले में आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत बढ़ाई थी। दोनों आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया था।
आरोपियों ने वॉइस सैंपल मामले में जताई थी आपत्ति
सुनवाई के दौरान आरोपियों ने सीबीआई के उस आरोप का विरोध किया था, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने अपने वॉइस सैंपल देने में सहयोग नहीं किया। बचाव पक्ष ने वॉइस सैंपल लेने की प्रक्रिया के दौरान जांच अधिकारियों के व्यवहार पर भी आपत्ति जताई थी। वहीं, मामले में सीबीआई की जांच जारी रहने के आधार पर अदालत ने आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाई थी।