उज्जैन- मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। नीलगंगा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पांच अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुरानी रंजिश ने ली दो युवकों की जान
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर के मुताबिक, पासी परिवार और गोरकर परिवार के बीच होली के दौरान एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी खत्म नहीं हुई।
लाठी, तलवार, पत्थरों और फायरिंग से मचा हड़कंप
शनिवार रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी, डंडे, तलवार और पत्थरों से हमला किया गया। आरोप है कि पासी परिवार के लोगों ने चार राउंड फायरिंग भी की। गोली लगने से लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में बड़े भाई ने तोड़ा दम
हमले में लोकेश के बड़े भाई जय गोरकर और चचेरे भाई तपन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह जय गोरकर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तपन का उपचार जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, जय की शादी दो साल पहले हुई थी, जबकि लोकेश की शादी की तैयारियां चल रही थीं। दोनों भाइयों के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में उनकी मां अकेली रह गई हैं, जिससे पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
शॉर्ट एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने रविवार सुबह मुख्य आरोपी नरेश पासी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।