उज्जैन। सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन में आज आस्था का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसी दिन बाबा महाकाल की तीसरी सवारी नगर भ्रमण पर निकलेगी और नागपंचमी के अवसर पर वर्ष में केवल 24 घंटे के लिए खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट भी श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। तीनों बड़े आयोजनों को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक करीब 2400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस जवान करीब 36 घंटे तक अपने निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर तैनात रहेंगे।
5 से 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोमवार को उज्जैन में 5 से 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नागपंचमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। वहीं बाबा महाकाल की सवारी के दौरान करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के सवारी मार्ग पर मौजूद रहने का अनुमान है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की है।
2400 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। करीब 2400 पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और ड्यूटी स्थल की जानकारी देकर रवाना किया गया है। पुलिस के अलग-अलग दल भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहेंगे।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों और ड्रोन से निगरानी
उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी प्रमुख क्षेत्रों और भीड़ वाले इलाकों की निगरानी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर तैयार किया गया है, ताकि भीड़ के बीच किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
पुलिस ने उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से तय व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे साइन बोर्ड, बैरिकेडिंग और निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि CCTV कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। निर्धारित व्यवस्था या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
आज उज्जैन में आस्था के तीन बड़े आयोजन
सावन सोमवार, बाबा महाकाल की तीसरी सवारी और नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर के पट खुलने के कारण सोमवार को उज्जैन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने वाली है। लाखों श्रद्धालुओं के बीच पुलिस और प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।