उमरिया। उमरिया जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्रा पर जा रहा एक परिवार कार से चित्रकूट जा रहा था। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
चित्रकूट दर्शन के लिए निकला था परिवार
पुलिस के अनुसार अनूपपुर जिले का रहने वाला परिवार कार से चित्रकूट तीर्थयात्रा पर जा रहा था। उमरिया के सिद्ध बाबा क्षेत्र में भरौला के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पांच लोगों की गई जान
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में फंसे एक व्यक्ति को पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
कार में फंसे घायल को रेस्क्यू कर निकाला
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना चौकी पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे एक व्यक्ति अंदर फंस गया था। रेस्क्यू टीम ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
एक महिला की हालत गंभीर
हादसे में घायल एक महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और मेडिकल टीम लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।