दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने पूरी तरह से कमर कस ली हैं। आतिशी सरकार लगातार जनता के लिए नई-नई योजनाओं की घोषणा कर रही हैं। इसी क्रम में आप ने बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना शुरू करने की घोषणा की थी। इसके तहत दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों का इलाज मुफ्त होगा।
मैं दिल्ली वालों के लिए संजीवनी लेकर आया हूं
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने योजना की घोषणा करते हुए कहा था कि, दिल्ली वालों के लिए संजीवनी लेकर आया हूं। दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज मिलेगा। इलाज का सारा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। ये केजरीवाल की गारंटी है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन करेंगे।
केजरीवाल ने की थी महिला सम्मान योजना की घोषणा
इसके साथ ही पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए "महिला सम्मान योजना'' की घोषणा की थी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में हर महीने आप सरकार एक हजार रुपये भेजेगी। वहीं, केजरीवाल ने चुनाव के बाद महिलाओं को एक हजार की जगह 2100 रुपये देने की भी बात कही। आप नेता केजरीवाल का दावा है कि, दिल्ली में दोबारा आप की सरकार बनने पर यह राशि 2100 रुपये कर दी जाएगी।
हर महिला के अकाउंट में डाले जाएंगे पैसे
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, हर महिला के अकाउंट हर महीने कुछ पैसे डलवाने का वादा बीते मार्च में किया था। 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला को योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करना होगा। जो महिलाएं रजिस्ट्रेशन करेंगी उनके अकाउंट में हर महीने पैसे आने शुरू हो जाएंगे।
हम अपनी योजना जारी रखेंगे - संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि, ये केजरीवाल की गारंटी है कि, चुनाव जीतने के बाद 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को प्राइवेट अस्पताल में निशुल्क इलाज मिलेगा। संजय ने आगे कहा कि, 2100 रुपए हर महिला को उनके खाते में दिए जाएंगे। इसमें गलत क्या है ? वहीं आप नेता ने निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा ने दबाव बनाकर जिन अधिकारियों से ये नोटिस निकलवाया है उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। हम अपनी योजना जारी रखेंगे।
Comments (0)