लखनऊ | उत्तर प्रदेश में पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर है। अब पेंशनर्स आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए घर बैठे अपने स्मार्टफोन से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान की समीक्षा करते हुए इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पेंशनभोगियों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इस सुविधा से खासतौर पर उन बुजुर्ग पेंशनर्स को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कार्यालयों या अन्य केंद्रों तक जाना पड़ता है।
दो ऐप की मदद से जमा होगा जीवन प्रमाणपत्र
डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए पेंशनभोगियों को अपने स्मार्टफोन में ‘जीवन प्रमाण’ और ‘आधार फेस आरडी’ ऐप डाउनलोड करना होगा। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से पहचान सत्यापित कर जीवन प्रमाणपत्र जमा किया जा सकेगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तकनीक की जानकारी अधिक से अधिक पेंशनभोगियों तक पहुंचाई जाए। खासतौर पर उन लोगों को जागरूक किया जाए, जो अभी तक मैन्युअल तरीके से जीवन प्रमाणपत्र जमा करते हैं।
1 से 30 नवंबर तक लगेंगे विशेष शिविर
पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 1 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ना और प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
जल संचय अभियान की भी होगी समीक्षा
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने ‘जल संचय जन भागीदारी–कैच द रेन 2026’ अभियान की प्रगति पर भी जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारियों (DM) और मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को अभियान की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए। अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने की बात भी कही गई।
ABHA आईडी बनाने के लिए चलेगा अभियान
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठकों में इसकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पात्र नागरिकों की आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता यानी ABHA आईडी बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा जा सके।