यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकर विवाद को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आजाद भारत में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का बड़ा योगदान रहा है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की ओर से अनैतिक आचरण कर अंबेडकर पर भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है।
BJP ने पूरी ईमानदारी से काम किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में उच्च शिक्षा अर्जित की और फिर उसके माध्यम से भारत के संविधान के शिल्पी के रूप में काम किया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरी ईमानदारी से काम किया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा अनैतिक और असंवैधानिक आचरण किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भारत के संविधान में बाबा साहेब का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। वे भारत माता के महान सपूत थे। डॉ. अंबेडकर ने भारत को अपने ज्ञान से आलोकित किया। संविधान शिल्पी के रूप में हर भारतवासी उनके लिए श्रद्धा भाव रखता है। बाबा साहेब के सपने का भारत बनाने के लिए भाजपा ने सदैव प्रतिबद्धता से कार्य किया।
BJP ने बाबा साहेब को सम्मान दिया : योगी
सीएम योगी ने कहा कि कल श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी मनाई जाएगी। अटल की सरकार रही हो या प्रधानमंत्री मोदी की सरकार दोनों ने बाबा साहेब को सम्मान दिया। बाबा साहेब का जन्म जहां मध्य प्रदेश के महू में हुआ था, वहां की तत्कालीन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा ने स्मारक बनवाया और इसका उद्घाटन पीएम अटल ने किया था। पीएम मोदी की अगुवाई में अनुसूचित जाति जनजाति को सरकार की सुविधाएं देने का काम चल रहा है।
Comments (0)