नई दिल्ली - भारत में होने वाले Bharat International Rice Conference (BIRC) 2026 में दुनिया की अलग-अलग व्यावसायिक महत्व वाली चावल किस्मों को एक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। यह सम्मेलन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन (IREF) कर रहा है।
दुनिया भर के चावल की दिखेगी विविधता
BIRC 2026 में वैश्विक चावल बाजार की अलग-अलग किस्मों और उत्पादों को प्रदर्शित करने की योजना है। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को विभिन्न किस्मों की गुणवत्ता, विशेषताओं और व्यावसायिक संभावनाओं को एक ही जगह समझने का अवसर देना है। इस ग्लोबल कलेक्शन में इटली का आर्बोरियो, थाईलैंड का जैस्मीन और जापान का सुशी राइस जैसी अंतरराष्ट्रीय किस्मों के साथ भारतीय चावल की कई प्रमुख किस्में भी शामिल होंगी।
भारतीय चावल की खास किस्मों पर भी फोकस
भारत की ओर से बासमती के अलावा क्षेत्रीय और पारंपरिक किस्मों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें काला नमक, चिन्नौर, सीरागा सांबा, चाक-हाओ और आंबेमोहर जैसी किस्में शामिल हैं। BIRC की वेबसाइट पर 1121, 1718, 1509 और 1401 समेत कई बासमती किस्मों तथा पुसा बासमती, सोना मसूरी, सुगंधा, शरबती, PR14 और PR11 जैसी किस्मों को भी सूचीबद्ध किया गया है।
विदेशी खरीदारों के लिए बिजनेस प्लेटफॉर्म
सम्मेलन का एक प्रमुख उद्देश्य दुनिया भर के आयातकों, निर्यातकों और चावल कारोबार से जुड़े हितधारकों को एक मंच पर लाना है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार BIRC 2026 में 120 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है और बिजनेस दिनों में करीब 30,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है। अंतरराष्ट्रीय खरीदार यहां अलग-अलग चावल किस्मों को देखकर उनकी विशेषताओं की तुलना कर सकेंगे और संभावित सप्लायरों के साथ कारोबारी संपर्क स्थापित कर सकेंगे।
भारत के चावल निर्यात को मिलेगा नया मंच
BIRC 2026 को वैश्विक राइस वैल्यू चेन में भारत की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में चावल की क्वालिटी, टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबिलिटी, फूड सिक्योरिटी और ग्लोबल ट्रेड जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। ऐसे समय में जब वैश्विक चावल कारोबार पर मौसम, उत्पादन और अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों का असर पड़ रहा है, BIRC 2026 भारतीय और विदेशी कारोबारियों के लिए नए व्यापारिक अवसर तलाशने का मंच बन सकता है।