मंगलवार को संसद के बजट सत्र का 10वां दिन है। 1 फरवरी को वर्ष 2026 का आम बजट पेश किया गया था, जिसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा प्रस्तावित थी। हालांकि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से जुड़े मुद्दों को लेकर सदन में लगातार हंगामे की स्थिति बनी हुई है। इसी कारण संसद की कार्यवाही बार-बार स्थगित हो रही है। सोमवार को भी लोकसभा की कार्यवाही महज 13 मिनट ही चल सकी। विपक्षी दल लगातार इस मांग पर अड़े रहे कि राहुल गांधी को सदन में अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बजट चर्चा से पहले उन्होंने स्पीकर से मुलाकात की थी, जहां उन्हें बोलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सदन में बोलने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उन्हें सदन में अपनी बात रखने दी जाएगी या नहीं। इधर, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्षी दल प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार यह प्रस्ताव संविधान के अनुच्छेद 94-सी के तहत लाया जा सकता है। अब तक 103 सांसद इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर चुके हैं।
रिजिजू का पलटवार
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव तो ला सकता है, लेकिन उनके पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है, इसलिए ऐसा करना संभव नहीं है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों ने सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की, स्पीकर की टेबल पर चढ़ने और उनके कक्ष में घुसने जैसे कृत्य किए। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती तो सख्त कार्रवाई की मांग कर सकती थी, लेकिन स्पीकर द्वारा 8 विपक्षी सांसदों के निलंबन का फैसला लिया गया, जिससे सरकार संतुष्ट है।
Comments (0)