नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। सीएनजी की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। गैस कंपनियों ने सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इससे पहले भी हाल ही में 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी। इस तरह बीते तीन दिनों में सीएनजी कुल 3 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में अब सीएनजी की कीमत 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं गाजियाबाद में सीएनजी 88.70 रुपये प्रति किलो के भाव पर मिल रही है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी सीएनजी की कीमत 84 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।
PNG और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं
हालांकि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी रसोई गैस उपभोक्ताओं को अभी राहत बरकरार है।
क्यों बढ़ रहे हैं CNG के दाम?
जानकारों के मुताबिक भारत अपनी जरूरत का 50 फीसदी से अधिक प्राकृतिक गैस आयात करता है। होर्मुज संकट के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है और मांग बढ़ने से गैस खरीद की लागत में इजाफा हुआ है।
गैस कंपनियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के कारण कीमतों में बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया है। यदि दाम नहीं बढ़ाए जाते तो कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर में आईजीएल (IGL) और महाराष्ट्र में एमजीएल (MGL) सीएनजी और पीएनजी की सप्लाई करती हैं।