नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया है। भीषण गर्मी और खराब वायु गुणवत्ता से लोगों को राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने जनजीवन को प्रभावित किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बारिश और तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।
7 जिलों में स्कूल बंद
लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के सात जिलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल एहतियातन बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
बारिश से सुधरी हवा, AQI ग्रीन जोन में
लगातार बारिश का सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ग्रीन जोन में पहुंच गया है। दिल्ली के अलीपुर, आया नगर और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, जबकि नोएडा के सेक्टर-62 और 116 तथा गाजियाबाद के गोविंदपुरम और संजय नगर में AQI बेहतर श्रेणी में दर्ज किया गया।
जलभराव और ट्रैफिक से बढ़ी मुश्किलें
बारिश के चलते दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। कई अंडरपास और निचले क्षेत्रों में जलभराव होने से सुबह के समय लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। प्रशासन पंपिंग सिस्टम के जरिए पानी निकालने और यातायात सामान्य करने में जुटा है।
अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार 11 जुलाई को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। 12 से 14 जुलाई के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 15 जुलाई को भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।