नई दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को भी लोगों को गर्मी और उमस से पूरी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि तेज हवाओं के चलने से मौसम कुछ हद तक राहतभरा रह सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ गई है और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया है।
अगले 7 दिन गर्मी और उमस से राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। ऐसे में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने के कारण लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ सकता है।
45.7°C जैसा महसूस हुआ तापमान
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं शाम 5:30 बजे 'फील्स लाइक' तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोधी रोड क्षेत्र में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
तेज हवाओं से मिलेगी थोड़ी राहत
आईएमडी के अनुसार सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिनभर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। झोंकों के दौरान हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे उमस के बीच लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटे में बढ़ा तापमान
बीते 24 घंटों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम 52 प्रतिशत रही, जिसके कारण उमस काफी अधिक महसूस हुई।
दिल्ली की हवा हुई खराब
राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ाने वाली रही। रविवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 261 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। यह पिछले 85 दिनों में सबसे अधिक AQI रिकॉर्ड किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, संवेदनशील लोगों को लंबे समय तक बाहर रहने से बचना चाहिए।