शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर समेत कई जिलों में अगले पांच दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट और कई जिलों में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।
24 घंटे में कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश
आईएमडी हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शोभित कटियार ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सिरमौर जिले में हुई, जहां एक स्थान पर करीब 21 सेंटीमीटर और कई स्थानों पर लगभग 15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सोलन में 14 से 15 सेंटीमीटर, जबकि शिमला में करीब 8 सेंटीमीटर बारिश हुई। चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू के कई इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई।
तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बिलासपुर और सोलन जिलों में तापमान में सबसे ज्यादा कमी देखी गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
भूस्खलन और मडस्लाइड का बढ़ा खतरा
मौसम विभाग ने अगले 6 से 12 घंटों के दौरान सिरमौर, सोलन, शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में भूस्खलन और मडस्लाइड की आशंका व्यक्त की है। साथ ही नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी भी दी गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
आईएमडी ने लोगों से नदी-नालों, जलाशयों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमाचल के चंबा और कांगड़ा में भी भारी बारिश हो सकती है, जबकि मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।