हावड़ा जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार सुबह रेल प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से अवैध कब्जा हटाने के लिए बड़ा अभियान चलाया गया। स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्गों पर लंबे समय से डाला, ठेला गाड़ी और गुमटी लगाकर कब्जा कर लिया गया था, जिससे रोजाना लाखों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
यात्रियों की आवाजाही हो रही थी प्रभावित
स्टेशन के बाहर और आसपास के इलाकों में अवैध दुकानों और गुमटियों की वजह से रास्ते काफी संकरे हो गए थे। कई जगहों पर यात्रियों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। खासकर ऑफिस टाइम और ट्रेनों के पीक आवर्स में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी।
माइकिंग कर प्रशासन ने दी चेतावनी
अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग की गई। लोगों से कहा गया कि जो यात्री हैं वे स्टेशन की ओर जाएं और जिन्हें बस पकड़नी है वे बस स्टैंड की ओर जाएं। प्रशासन ने साफ कहा कि “यहां कोई तमाशा नहीं हो रहा है, कृपया अपने काम करें और प्रशासन को अपना काम करने दें।”
बुलडोजर से तोड़ी गई अवैध गुमटियां
माइकिंग के तुरंत बाद इलाके में बुलडोजर उतारे गए और एक-एक कर अवैध गुमटियों, दुकानों और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। पूरे अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और RPF जवान तैनात रहे ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले।
लोगों ने किया प्रशासन के कदम का समर्थन
रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद स्टेशन परिसर में व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त कदम उठाया गया है, जिससे आम यात्रियों को राहत मिलेगी।