नई दिल्ली- भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला सेक्शन अगले साल यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने देश में कई नए हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की भी घोषणा की, जिससे रेल यात्रा में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
अगले साल शुरू होगा सूरत-बिलिमोरा सेक्शन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण सूरत और बिलिमोरा के बीच अगले साल शुरू किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक पूरे हाई-स्पीड कॉरिडोर का संचालन शुरू किया जाएगा। रेलवे मंत्रालय ने इसे भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का नया चरण बताया है।
हैदराबाद बनेगा देश का नया हाई-स्पीड हब
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हैदराबाद को तीन बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर मिल रहे हैं। इनमें पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु हाई-स्पीड रेल परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हैदराबाद देश का प्रमुख हाई-स्पीड रेल हब बन जाएगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
कई शहरों के बीच यात्रा का समय होगा बेहद कम
रेल मंत्री के मुताबिक, नए हाई-स्पीड कॉरिडोर शुरू होने के बाद हैदराबाद से मुंबई की यात्रा लगभग 2 घंटे 50 मिनट, हैदराबाद से चेन्नई 3 घंटे, हैदराबाद से बेंगलुरु 2 घंटे 35 मिनट और हैदराबाद से अमरावती करीब 1 घंटे 10 मिनट में पूरी की जा सकेगी। वहीं पुणे-हैदराबाद के बीच सफर भी लगभग 2 घंटे में सिमट जाएगा।
रेलवे बजट से बदलेगी तेलंगाना की तस्वीर
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना के रेलवे विकास के लिए 5,400 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। उनका कहना है कि बुलेट ट्रेन कॉरिडोर और अन्य रेलवे परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, निवेश बढ़ाएंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।