नई दिल्ली- देश के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 20 जुलाई के आसपास मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जबकि फिलहाल उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश का जोर
सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर घने बादल दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 6 से 7 दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, 126 सड़कें बंद
लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 126 सड़कें बंद हैं। स्यानाचट्टी के पास ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार तीसरे दिन भी बाधित रहा। प्रशासन सड़कें खोलने और राहत कार्य में जुटा है।
हरियाणा और दिल्ली में बढ़ा जलस्तर
हिमाचल प्रदेश से छोड़े जा रहे पानी के कारण हरियाणा में यमुना और मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं दिल्ली में भी यमुना का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रविवार को यमुना में नहाने गए चार बच्चे तेज बहाव में बह गए।
राजस्थान और गुजरात में अभी कमजोर रहेगा मानसून
राजस्थान और गुजरात सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में 14-15 जुलाई को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना है।
20 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 जुलाई के बाद मानसून फिर से सक्रिय होगा, जिससे राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।